ओडिशा :- चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के दौरान सैकड़ों परिवारों में नन्हे मेहमानों का आगमन हुआ। तेज हवाओं और बारिश के बीच जन्मे इन बच्चों में से कुछ के नाम भी मौसम से जुड़ गए। किसी परिवार ने बेटे का नाम ‘अर्नब’ रखा तो किसी ने बेटी को ‘वर्षा’ नाम दिया। कुछ माता-पिता ने ‘तूफान’ और ‘पवन’ जैसे नाम भी चुने।
2,245 गर्भवती महिलाओं को पहले ही अस्पताल पहुंचाया गया
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को बताया कि चक्रवात आने से पहले राज्य में 2,245 गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में पहुंचाया गया था। इनमें से 931 महिलाओं ने इस अवधि में बच्चों को जन्म दिया। मुख्यमंत्री के अनुसार, सभी माताएं और नवजात स्वस्थ हैं।
खराब मौसम के दौरान प्रसव और अस्पताल पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए महिलाओं को पहले ही स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराने की व्यवस्था की गई थी।
पहली बार मां बनीं सुकांति, बेटे का नाम रखा अर्नब
गंजाम जिले के पात्रपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेंगई साही निवासी 30 वर्षीय सुकांति प्रधान ने बेटे को जन्म दिया। परिवार ने उसका नाम ‘अर्नब’ रखा।
बच्चे के पिता चक्रधर सबर ने बताया कि चक्रवात की आशंका के कारण उनकी पत्नी को पहले ही अस्पताल पहुंचा दिया गया था। मां और बच्चे की हालत सामान्य पाए जाने के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बारिश के बीच जन्मी बेटी का नाम बरसारानी
इसी स्वास्थ्य केंद्र में 22 वर्षीय रुक्मुनि बेहरा ने सुबह 9 बजकर 8 मिनट पर बेटी को जन्म दिया। उस समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी। अस्पताल के कर्मचारियों ने बच्ची का नाम ‘वर्षा’ रखने का सुझाव दिया। परिवार ने उसका नाम ‘बरसारानी’ चुना।
गंजाम में 220 प्रसव, सभी मां और बच्चे स्वस्थ
गंजाम जिले में प्रशासन ने 25 अक्टूबर से गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में पहुंचाना शुरू किया था। एहतियात के तौर पर 493 महिलाओं को स्वास्थ्य संस्थानों में स्थानांतरित किया गया।कैलेंडर देखें
जिले के मुख्य चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य अधिकारी एस. कामेश्वर राव के अनुसार, बुधवार दोपहर एक बजे तक 220 महिलाओं का प्रसव हुआ था। नवजातों में 101 लड़के और 119 लड़कियां शामिल थीं। सभी मां और बच्चे स्वस्थ बताए गए और कुछ को अस्पताल से छुट्टी भी मिल चुकी थी।
कहां से आया ‘अर्नब’ नाम?
चक्रवात के लिए ‘अर्नब’ नाम बांग्लादेश ने सुझाया था। इसका उच्चारण ‘ऑर्नब’ है। यह संस्कृत के ‘अर्णव’ शब्द से जुड़ा है, जिसका अर्थ समुद्र या विशाल जलराशि होता है।
