प्रयागराज
आज शाम तक अतीक को प्रयागराज लाया जाएगा, जहां कल उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच अतीक के परिजनों ने उसके एनकाउंटर की आशंका व्यक्त की है। बहन ने कहा कि भाभी शाहिस्ता का पता नहीं है। मेरा भाई बीमार है और हमें डर है कि रास्ते में मेरे भाई का एनकाउंटर हो जाएगा। एनकाउंटर की आशंका के चलते बहन लगातार साए की तरह काफिले के पीछे चल रही है।
शिवपुरी में कार से टकराई गाय रुका काफिला, मचा हडक़ंप
शिवपुरी में माफिया अतीक को ला रहे काफिले की एक कार से गाय के टकरा जाने और कुछ देर काफिले को रोके जाने के बाद पुलिसकर्मियों में हडक़ंप मच गया। जितनी देर काफिला रुका रहा पुलिस उस वज्र वाहन को घेरकर खड़ी हो गई, जिसमें अतीक बैठा हुआ था। इस बीच यहां भी अतीक की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे पुलिस ने भगा दिया।
45 पुलिसकर्मी, 6 गाडिय़ां और 2 वज्र वाहन काफिले में शामिल…
यूपी पुलिस की टीम रविवार शाम को अतीक को लेकर साबरमती जेल से निकली थी। उसे 6 गाडिय़ों के काफिले से यूपी के प्रयागराज लाया जा रहा है, जिनमें 2 वज्र वाहन भी हैं। अतीक को वज्र वाहन से ही लाया जा रहा है। अतीक को लाने वाली टीम में 45 पुलिसकर्मी हैं। अतीक की मंगलवार को कोर्ट में पेशी होना है। उमेश पाल अपहरण मामले में अतीक आरोपी है। कोर्ट इस मामले में 28 मार्च को फैसला सुनाएगी। इस दौरान सभी अभियुक्तों को कोर्ट में पेश होना है।