नई दिल्ली :– गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल क्वालिफायर 2 का महामुकाबला खेला जाना है. इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे 31 मई को होने वाले फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी. लेकिन इस नॉकआउट मुकाबले से पहले फैंस और दोनों टीमों के जेहन में एक बड़ा सवाल तैर रहा है. क्या होगा अगर इस अहम मैच में बारिश विलेन बन जाए? क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और आईपीएल के नियमों के मुताबिक, प्लेऑफ के मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है. अगरबारिश के कारण मैच पूरी तरह धुल जाता है, तो अंपायर्स और अधिकारी मैच का नतीजा निकालने के लिए एक स्टैंडअलोन ‘सुपर ओवर’ का सहारा ले सकते हैं. लेकिन, मान लीजिए कि मौसम इतना खराब हो जाए कि एक ओवर का खेल भी मुमकिन न हो, तो फिर फाइनल का टिकट किसे मिलेगा?
अगर मुकाबला बिना किसी नतीजे के रद्द हो जाता है और सुपर ओवर भी नहीं फेंका जा सकता, तो आईपीएल के नियमों के तहत लीग स्टेज की अंक तालिका में ऊपर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी. इस लिहाज से देखें तो गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी है. लीग स्टेज के प्रदर्शन पर नजर डालें तो गुजरात टाइटंस की टीम 18 अंकों और +0.695 के शानदार नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर रही थी. वहीं, राजस्थान रॉयल्स की टीम 16 अंकों और +0.189 के नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर रही थी. दोनों टीमों के बीच यह अंतर बिल्कुल साफ है. इसका मतलब यह है कि अगर इंद्रदेव मेहरबान नहीं हुए और मैच पूरी तरह रद्द हो गया, तो बिना एक भी गेंद फेंके गुजरात टाइटंस सीधे 31 मई को आरसीबी के खिलाफ फाइनल खेलने का हकदार बन जाएगी.
गुजरात-राजस्थान क्वालीफायर 2 मैच वेदर रिपोर्ट
राहत की बात यह है कि अहमदाबाद के ताजा मौसम पूर्वानुमान में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. शुक्रवार को खिलाड़ियों को बारिश से नहीं, बल्कि अहमदाबाद की भीषण गर्मी से जूझना होगा. शाम को मैच की शुरुआत के समय तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की उम्मीद है. अगर घंटे के हिसाब से मौसम और बारिश की संभावना पर नजर डालें, तो शाम 6:00 बजे तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहेगा और बारिश की संभावना शून्य प्रतिशत है. मैच शुरू होने के समय यानी शाम 7:00 बजे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस होगा. इसके बाद रात 8:00 बजे यह घटकर 39 डिग्री सेल्सियस, रात 9:00 बजे 37 डिग्री सेल्सियस, रात 10:00 बजे 35 डिग्री सेल्सियस और मैच के आखिरी पलों में यानी रात 11:00 बजे तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इस पूरे दौरान बारिश की संभावना 0 प्रतिशत है, यानी फैंस को एक पूरा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा.
