पंजाब:- सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद रिलीज हुआ गाना छह मिनट में ही हिट हो गया। दो घंटे में इस गाने को 22 लाख लोगों ने देखा। रिलीज के कुछ घंटों के अंदर ही इस गाने को हिट घोषित कर दिया गया। इस गाने को अब तक 1 करोड़ 81 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। खास बात ये भी है कि सिद्धू मूसेवाला के इस आखिरी गाने को उनके ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है।
सिद्धू अपने इस आखिरी गाने के जरिये पंजाब और हरियाणा के बीच चल रहे एसवाईएल के मुद्दे को हवा दे गए। गाने में सिद्धू ने कृषि कानूनों को लेकर शुरू हुए किसान आंदोलन और लाल किले का भी जिक्र किया है। 4 मिनट 9 सेकेंड के इस गाने के बोल पंजाब के पानी और उससे जुड़े दूसरे मुद्दों के ईर्द-गिर्द घूमते हैं. गाने के लिरिक्स को देखें तो इसमें पंजाब-हरियाणा के बीच बहुचर्चित सतलज-यमुना लिंक (SYL) नहर को लेकर हुए विवाद का जिक्र किया गया है। सिद्धू के इस गाने के दौरान आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता का बयान चल रहा है, जिसमें वह 2024 में पंजाब की तरह हरियाणा में भी अपनी पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा को एसवाईएल का पानी दिलाने की बात कह रहे हैं।