प्रयागराज
जिले के एक विधानसभा क्षेत्र के विधायक का ऑडियो, वीडियो और व्हाट्सएप चैट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक एक युवती के साथ बातचीत करते हुए सुनाई दे रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर स्थानीय थाने में एक युवती ने ऑडियो, फोटो प्रस्तुत करते हुए विधायक के खिलाफ रेप की शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस ने युवती की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती ने आरोप लगाते हुए कहा कि धायक ने कोल ड्रिंक और जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करने के बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। लखनऊ, दिल्ली ले जाकर उसके साथ रेप किया। हालांकि पुलिस अधिकारी विधायक के खिलाफ तहरीर मिलने की बात से इनकार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शहर में रहने वाले एक विधायक यमुनापार की एक सीट से विधायक हैं। युवती भी उसी क्षेत्र की रहने वाली है।
वायरल तहरीर में लिखा है कि उसे मेकअप का कोर्स करने के लिए फीस की जरूरत थी। एक सहेली ने उसे विधायक से मिला दिया। इसके बाद विधायक उसे लखनऊ ले गए। अपने सरकारी आवास में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद लखनऊ में ही उसे फ्लैट दिला दिया। कई महीने तक वहां आते जाते रहे। फिर विधायक प्रयागराज एयरपोर्ट से युवती को फ्लाइट से दिल्ली ले गए। वहां होटल में नशीला पदार्थ खिलाकर पूरी रात उसका शारीरिक शोषण किया।
वायरल ऑडियो में युवती कह रही है कि उसके पास विधायक के खिलाफ सारे साक्ष्य हैं। वायरल ऑडियो में विधायक की आवाज है या किसी और की यह साफ नहीं हो सका लेकिन ऑडियो में युवती विधायक का नाम ले रही है। वहीं विधायक का कहना है कि विरोधियों ने पहले भी साजिश की। ऑडियो में उनकी आवाज नहीं है।