*यूपी:-* यूपी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का तूफानी रैलियां लगातार जारी है. इसी क्रम में अखिलेश यादव ने शुक्रवार को गौतमबुद्धनगर पहुंचे. यहां उन्होंने लोकसभा क्षेत्र के सिकंदराबाद में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी महेंद्र सिंह नागर के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन प्रत्याशी महेंद्र सिंह नागर के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की है. इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है.सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को गौतमबुद्धनगर के सिकंदराबात में चुनावी सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पहले चरण के मतदान को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन के खिलाफ माहौल होने का दावा किया. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दस सालों में सिर्फ झूठ बोला है. इन्होंने किसानों, नौजवानों और व्यापारियों, सभी से झूठ बोला है. इंडिया गठबंधन जनता की इच्छा पर बना है. जनता चाहती थी, गठबंधन बने. गठबंधन में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सभी हैं.अखिलेश यादव ने बीजेपी को घेरा अखिलेश यादव ने आगे कहा कि, भाजपा सरकार ने किसानों को धोखा दिया. सरकार ने तीन काले कानून लाकर किसानों की उपज और जमीन छीनने की साजिश रची थी. किसानों ने आंदोलन किया तो सरकार को झुकना पड़ा. तीनों कानून वापस हुए लेकिन, सरकार ने किसानों को एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया. किसान आंदोलन में हजारों किसान शहीद हुए. इन लोगों ने आंदोलनकारी किसानों को अपमानित किया. नौकरियों के लिए परीक्षाओं के जो पेपर हुए, वह सब लीक हो गए. यह लोग नौकरी, रोजगार नहीं देना चाहते हैं. जानबूझकर पेपर लीक कराए हैं. आपको बता दें कि गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट के लिए दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होना है. यहां बीजेपी ने मौजूदा सांसद महेश शर्मा पर एक बार फिर से भरोसा जताया है. वहीं इस सीट पर समाजवादी पार्टी की तरफ से महेंद्र सिंह नागर चुनाव मैदान मे हैं तो वहीं बसपा की तरफ से गजेंद्र सिंह सोलंकी के बीच मुकाबला है. सांसद महेश शर्मा साल 20214 से इस सीट प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.
