छत्तीसगढ़ :– लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत होने वाले दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया स्थगित कर दी है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित नहीं किए जाएंगे।
राज्य सेवा परीक्षा-2025 के जरिए प्रदेश के 20 विभागों में कुल 265 पदों पर भर्ती की जानी है। मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर आयोग ने 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र घोषित किया था। तय कार्यक्रम के मुताबिक 20 सितंबर से अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन शुरू होना था और इसके बाद इंटरव्यू आयोजित किए जाने थे।
अब आयोग ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की नई तारीखों की घोषणा बाद में CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी। आयोग की ओर से जारी सूचना में फिलहाल स्थगन के कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।
ऐसे में राज्य सेवा परीक्षा-2025 के अभ्यर्थियों को संशोधित कार्यक्रम का इंतजार करना होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से नई तारीखों और आगामी निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर नजर बनाए रखने को कहा है।
