नई दिल्ली :- बिहार में शनिवार को छठे चरण की आठ सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। चुनाव को लेकर वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सिवान एवं महाराजगंज संसदीय क्षेत्र में 14,872 बूथों की स्थापना की गई है। हर बूथ पर औसतन 1004 मतदाताओं के मतदान की व्यवस्था की गई है। एक करोड़ 49 लाख से अधिक मतदाताओं द्वारा 86 प्रत्याशियों के भाग्य को ईवीएम में बंद किया जाएगा।
: छठे चरण के जिन प्रमुख उम्मीदवारों का भाग्य शनिवार को ईवीएम में बंद होने वाला है, उनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह पूर्वी चंपारण से, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल पश्चिमी चंपारण से, शिवहर से पूर्व सांसद लवली आनंद, वैशाली से वीणा देवी और विजय कुमार शुक्ला ऊर्फ मुन्ना शुक्ला एवं महाराजगंज सीट से भाजपा के जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और कांग्रेस से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह के बेटे आकाश सिंह के नाम सम्मिलित हैं। वहीं, वाल्मीकिनगर से सुनील कुमार एवं दीपक यादव और सिवान में जदयू की विजय लक्ष्मी, अवध बिहारी चौधरी एवं निर्दलीय हेना शहाब प्रमुख लड़ाके हैं।
