नई दिल्ली:– जहां एक तरफ पंजाब और हरियाणा सीमा के शंभू बॉर्डर से किसानों का एक जत्था आज यानी शुक्रवार को दोपहर 1 बजे दिल्ली के लिए पैदल मार्च शुरू करेगा।किसान फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी सहित कुछ मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए मार्च कर रहे हैं।
वहीं इस बीच कांग्रेस ने किसान संगठनों के संसद मार्च को लेकर शुक्रवार को कहा कि वह किसानों एवं उनके संगठनों की सभी मांगों का समर्थन करती है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर पोस्ट किया, ‘‘किसान आज संसद मार्च कर रहे हैं। ख़ुद उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के माननीय सभापति जगदीप धनखड़ का समर्थन मिलने के बाद उनके विरोध को जबरदस्त बूस्टर डोज मिला है।”
कांग्रेस ने कहा कि, ‘‘किसान और उनके संगठन निम्न मांगों के लिए लगातार आंदोलन कर रहे हैं, एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की सिफ़ारिशों के अनुसार खेती की व्यापक लागत का 1.5 गुना एमएसपी निर्धारित करना, जिस तरह बैंकों ने चूक करने वाली निजी कंपनियों के 16 लाख करोड़ रुपये के ऋण माफ़ कर दिए, उसी तरह किसानों को एकमुश्त क़र्ज़ से राहत देना।”
मामले पर जयराम रमेश के अनुसार, किसानों की यह मांग भी है कि कृषि वस्तुओं के आयात और निर्यात पर निर्णय एक स्वतंत्र एजेंसी द्वारा लिया जाए जिसमें किसानों का पर्याप्त प्रतिनिधित्व हो तथा बीमा कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना को अब किसानों के हितों और चिंताओं को पूरा करने के लिए पुनर्गठित किया जाए। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस किसान संगठनों की इन और अन्य सभी मांगों का पूरी तरह से समर्थन करती है।”
जानकारी दें कि, आज दिल्ली पुलिस ने किसानों के मार्च से पहले सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। सिंघू बॉर्डर पर फिलहाल कम संख्या में बलों को तैनात किया गया है, लेकिन पंजाब-हरियाणा सीमा के शंभू बॉर्डर पर स्थिति के अनुसार इसे बढ़ाया जा सकता है। वहीं आज सीमा पर और दिल्ली के मध्य भाग में सुरक्षा व्यवस्थाओं के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
बता दें कि, किसानों ने फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर इससे पहले 13 फरवरी और 21 फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी की ओर मार्च करने का प्रयास किया था, लेकिन उन्हें सुरक्षा बलों ने पंजाब-हरियाणा सीमाओं पर शंभू और खनौरी में रोक दिया था।
