नई दिल्ली:– बिहार के सरकारी विद्यालयों में 15 फरवरी से बच्चों के मध्याह्न भोजन का मेन्यू बदल जाएगा। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि मिड-डे मील का नया मेन्यू 15 फरवरी से प्रभावी होगा।
नये मेन्यू में सप्ताह में दो दिन की जगह अब एक ही दिन शनिवार को स्कूलों में बच्चों को खिचड़ी देने का प्रावधान किया गया है। इसको लेकर सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी किया गया है। मालूम हो कि पहले शनिवार और बुधवार को बच्चों को खिचड़ी दी जाती है।
अब सिर्फ शनिवार को खिचड़ी, लाल चने का छोला भी मिलेगा
पर, अब सिर्फ शनिवार को खिचड़ी दी जाएगी। बच्चों की पसंद के आधार पर मेन्यू में बदलाव किया गया है। इसी तरह पहले शुक्रवार को पुलाव और काबुली चने के छोले दिये जाते थे, जिसकी जगह अब चावल और लाल चने का छोला दिया जाएगा। पुलाव को मेन्यू से हटा दिया गया है।
इसी तरह अब मंगलवार को जीरा चावल नहीं दिया जाएगा। इसकी जगह अब चावल और सोयाबीन-आलू की सब्जी दी जाएगी। इसी प्रकार सोमवार और गुरुवार को तड़का और चावल बच्चों को मिलेगा। तड़का में हरी सब्जी भी मिली हुई होगी।
