नई दिल्ली:– ओमान तट के खाड़ी क्षेत्र में भारतीय क्रू वाले 3 कमर्शियल जहाजों पर अमेरिकन नेवी के हमले से पूरे देश में आक्रोश है। अब इसको लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस पार्टी ने इससे पहले भी गुरुवार को ओमान तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले में 3 भारतीयों की मौत पर शोक व्यक्त किया था। कांग्रेस का कहना है कि इस हत्या पर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय क्रू वाले 3 कमर्शियल जहाजों पर अमेरिकी नौसेना के हमले की कड़ी निंदा की। साथ ही उन्होंने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में 3 दिन में 3 जहाजों पर अमेरिकी हमलों में 3 भारतीयों की मौत हो गई। और हमारे Compromised PM? एक शब्द तक नहीं’।
PM मोदी को बोलना पड़ेगा
राहुल गांधी ने आगे कहा कि जब भी कोई विदेशी ताकत किसी भारतीय की हत्या करे, तो प्रधानमंत्री को बोलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मजाल है जो ये एक शब्द बोल जाएं। अगले हफ्ते G7 में, हमारे नाविकों की हत्या के महज चंद दिनों बाद ही पीएम मोदी जी मुस्कुराएंगे, गले मिलेंगे और समझौते करेंगे। लेकिन, उन 3 भारतीयों के लिए उनके पास एक शब्द भी नहीं होगा।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि Compromised PM भारत माता के बेटों की रक्षा नहीं कर सकते, क्योंकि जिन लोगों ने उन बेटों की जान ली उनको नाराज करने की इनमें न हिम्मत है, न ताकत।
कांग्रेस पार्टी ने बोला हमला
कांग्रेस पार्टी ने अमेरिकी नौसेना के हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत पर दुख जताया और कहा कि पीएम मोदी अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकते। पवन खेड़ा ने कहा कि इस मामले में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मोदी सरकार को राजनयिक कदम उठाने चाहिए।
