नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की बहुप्रतीक्षित 19वीं किस्त आखिरकार फरवरी के आखिरी हफ्ते में जारी होने वाली है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को बिहार के भागलपुर का दौरा करेंगे, जहां वह पीएम किसान की 19वीं किस्त जारी करेंगे.
जानकारी के मुताबिक इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी कृषि कार्यक्रमों में भाग लेने के अलावा राज्य के विभिन्न विकास पहलों का शुभारंभ भी कर सकते हैं.
पीएम किसान योजना की 18वीं किस्त फरवरी 2025 में जारी की गई थी, जिसमें कुल 9.4 करोड़ किसानों को उनके बैंक खातों में 20,000 करोड़ रुपये मिले थे.
पीएम किसान योजना क्या है
पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को हर चार महीने में 2,000 रुपये मिलते हैं, जो सालाना 6,000 रुपये होते हैं. यह पैसा हर साल तीन किस्तों में दिया जाता है – अप्रैल-जुलाई, अगस्त-नवंबर और दिसंबर-मार्च. यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है. इस योजना की घोषणा अंतरिम बजट 2019 में तत्कालीन वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने की थी और बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे लॉन्च किया था.
पीएम किसान की एलिजिबिलिटी
पीएम-किसान की 19वीं किस्त के लिए पात्र होने के लिए, किसी व्यक्ति को नीचे दी गई शर्तों को पूरा करना होगा.
भारतीय नागरिक
खेती योग्य भूमि का मालिक होना चाहिए
छोटा या सीमांत किसान होना चाहिए
सेवानिवृत्त व्यक्ति नहीं होना चाहिए जिसे कम से कम 10,000 रुपये प्रति माह पेंशन मिलती हो
आयकर दाखिल नहीं किया हो
संस्थागत भूमिधारक नहीं होना चाहिए
पीएम किसान योजना ई-केवाईसी
किस्तें प्राप्त करने के लिए किसानों को अपना ई-केवाईसी पूरा करना होगा. योजना की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार पीएम किसान पंजीकृत किसानों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है.
ओटीपी-आधारित ई-केवाईसी पीएम किसान पोर्टल पर उपलब्ध है, या बायोमेट्रिक-आधारित ई-केवाईसी के लिए निकटतम सीएससी केंद्रों से संपर्क किया जा सकता है.