भिलाई:- देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त और आकर्षक बनाने की दिशा में केन्द्र सरकार द्वारा शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के पांच रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण कार्य पूरा हो चुका है. इनमें भिलाई तीन रेलवे स्टेशन भी शामिल है. इस स्टेशन का लोकार्पण 22 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे.
भिलाई रेलवे स्टेशन का कायाकल्प: भिलाई तीन स्टेशन अब पूरी तरह से बदल चुका है. यह एक आधुनिक एयरपोर्ट जैसा नजर आता है. स्थानीय निवासी दीपक का कहना है कि पहले यह स्टेशन बेहद साधारण था, लेकिन अब यहां चारों ओर सफाई नजर आती है और स्टेशन की बनावट अत्याधुनिक हो गई है.
अब बेहतर सुविधाएं: पहले यहां पार्किंग की कोई सुविधा नहीं थी, लेकिन अब व्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र विकसित किया गया है. यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक टॉयलेट भी बनाए गए हैं. पहले स्टेशन में केवल एक पुराना और गंदा टॉयलेट था, जबकि अब स्टेशन के बाहर भी एक स्वच्छ टॉयलेट उपलब्ध है.
विकलांगों के लिए विशेष सुविधाएं: स्टेशन को पहले पुरानी भिलाई के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब इसका कायाकल्प हो चुका है.एक अन्य यात्री मोहम्मद नजरुल ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए गए नवीनीकरण से स्टेशन की स्थिति और सुविधाएं काफी बेहतर हो गई हैं. विकलांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें रैंप, वीलचेयर की व्यवस्था और अलग वेटिंग हॉल शामिल हैं.
यात्रियों को होगी सुविधा:पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) बनाए गए हैं.साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है. यह कायाकल्प न केवल यात्रियों को सुविधा देगा, बल्कि रेलवे की आधुनिक छवि को भी मजबूती देगा.