छत्तीसगढ़ :– जुलाई के आखिरी दिनों में मौसम लगातार करवट ले रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम बारिश के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इस बीच मौसम विभाग ने रविवार, 26 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। रायपुर, गरियाबंद और धमतरी समेत कई जिलों के लिए तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया गया है।
शनिवार को रायपुर 33 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश के गर्म इलाकों में रहा। राजधानी में पिछले दो दिनों से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश भी हुई। लटोरी, कुसमी, पत्थलगांव, मैनपाट, सीतापुर और पौड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में करीब एक से दो सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।
रविवार को कैसा रहेगा छत्तीसगढ़ का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है।वहीं रायपुर समेत मैदानी क्षेत्रों में उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है। बारिश नहीं होने की स्थिति में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
रायपुर में 35 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
राजधानी रायपुर में रविवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ऐसे में राजधानीवासियों को दिन में गर्मी और उमस के साथ बारिश का भी सामना करना पड़ सकता है।
रायपुर-गरियाबंद समेत इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बिलासपुर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बारिश के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में मौसम अचानक बदलने के साथ गरज-चमक और तेज बारिश की स्थिति बन सकती है।
इन इलाकों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में बारिश के साथ करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
मानसून द्रोणिका सक्रिय, इसलिए बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका जैसलमेर, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, शिवपुरी, दतिया, सीधी, डाल्टनगंज होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र से गुजरकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है।
इसके अलावा करीब 24 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का पूर्व-पश्चिम शियर जोन मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है। तेज हवा और आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहना बेहतर होगा।
