नई दिल्ली:- चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल की लिस्ट तैयार कर ली है. इस संबंध में चुनाव आयोग ने गुरुवार को कहा कि उसने 2025 के उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल की लिस्ट तैयार कर ली है और उसे अंतिम रूप दे दिया है.
एक्स पर एक पोस्ट में चुनाव आयोग ने एक प्रेस नोट साझा किया, जिसमें कहा गया कि आयोग ने 2025 के उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल की सूची को अंतिम रूप दे दिया है. ECI ने कहा कि सदस्यों को उनके संबंधित सदनों के राज्य/केंद्र शासित प्रदेश के आधार पर अल्फाबेटिकली अरेंज करने के साथ-साथ एक सीरियल नंबर में लिस्ट किया गया है.
राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव नियम के तहत लिस्ट अपडेट
चुनाव आयोग ने अपने प्रेस नोट में आगे कहा कि राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव नियम 1974 के नियम 40 के अनुपालन में चुनाव आयोग को निर्वाचक मंडल के सदस्यों की एक अपडेट लिस्ट उनके हाल के एड्रेस सहित, तैयार और बनाए रखना जरूरी है.
निर्वाचन आयोग ने कहा कि इलेक्टोरल कॉलेज की लिस्ट अधिसूचना की डेट से भारत के चुनाव आयोग में स्थापित काउंटर पर उपलब्ध होगी, जिसकी घोषणा जल्द ही होने की संभावना है. यह घटनाक्रम जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य कारणों के चलते उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के एक हफ्ते बाद हुआ है.
जगदीप धनखड़ ने दिया था इस्तीफा
बता दें कि धनखड़ ने 21 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा था, “स्वास्थ्य सेवा को प्राथमिकता देने और मेडिकल एडवाइजरी का पालन करने के लिए, मैं संविधान के अनुच्छेद 67(A) के अनुसार तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे रहा हूं.”
चुनाव कराने का अधिकार भारत के चुनाव आयोग को
बता दें कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव कराने का अधिकार भारत के चुनाव आयोग को है. संविधान के अनुच्छेद 66(1) के अनुसार भारत के उपराष्ट्रपति का चुनाव एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है, जिसमें लोकसभा, राज्यसभा के निर्वाचित सदस्य और उच्च सदन के मनोनीत सदस्य शामिल होते हैं.