नई दिल्ली:– महाराष्ट्र के मंत्री माणिकराव कोकाटे को बड़ा झटका लगा है। लगातार विवादों में चल रहे कोकाटे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्शन ले लिया है। कोकाटे से कृषि मंत्रालय छीन लिया गया है और उन्हें खेल एवं युवा कल्याण, अल्पसंख्यक विकास मंत्रालय दिया गया है। कोकाटे का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वे विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान महाराष्ट्र विधान परिषद में मोबाइल पर रमी गेम खेलते नज़र आ रहे थे।
माणिकराव कोकाटे, अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के कोटे से मंत्री हैं। इस मामले में उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने 24 जुलाई को कहा था कि कोकाटे से आमने-सामने बैठक होगी, जिसमें उनके पक्ष को सुना जाएगा। उसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।
अजित पवार ने सीएम फडणवीस का लिखा पत्र
डिप्टी सीएम अजित पवार ने गुरुवार यानी 31 जुलाई को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की। इसके कुछ ही घंटों बाद यह कार्रवाई की गई। अब कृषि मंत्रालय की ज़िम्मेदारी एनसीपी नेता दत्तात्रेय भरणे को दी गई है। भरणे पुणे ज़िले की इंदापुर सीट से एनसीपी विधायक हैं। वहीं, माणिकराव कोकाटे नासिक ज़िले की सिन्नर सीट से विधायक हैं।
दत्तात्रय भरणे को मिली कृषि मंत्रालय
अब एनसीपी नेता दत्तात्रय भरणे महाराष्ट्र के के नए कृषि मंत्री होंगे, क्योंकि माणिकराव कोकाटे से कृषि विभाग छीन लिया गया है और इस विभाग की ज़िम्मेदारी अब भरणे को दी गई है। साथ ही, माणिकराव कोकाटे अब राज्य के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री होंगे।
राेहित पपवार ने शेयर किया था वीडियो
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने माणिकराव कोकाटे का विधान परिषद में मोबाइल पर रमी खेलते हुए एक वीडियाे सोशल मीडिया मंच एक्स पर शेयर किया था। उन्होंने लिखा था- किसानों के खेतों में आओ महाराज।
राेहित पवार ने वायरल वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए लिखा कि महाराष्ट्र में रोजाना औसतन 8 किसान आत्महत्या कर रहे हैं। फसल बीमा की समस्या हो, कर्जमाफी हो या फसलों के उचित दाम, सरकार का ध्यान कहीं नहीं है। लेकिन कृषि मंत्री के पास सदन के दौरान रम्मी खेलने का समय है।
