नई दिल्ली:- महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रियंका गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर तीखा हमला बोला। वायनाड सांसद ने कहा, “कल जो हुआ, वह लोकतंत्र की जीत है और यह विपक्षी एकता की भी जीत है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दो राज्यों के चुनाव के बीच जल्दबाजी में संसद का विशेष सत्र बुलाया और एजेंडा तक स्पष्ट नहीं किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार इस विधेयक को पास कर अपनी मनमानी करना चाहती थी और विपक्ष को महिला विरोधी दिखाने की कोशिश कर रही थी।
प्रियंका गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने परिसीमन से जुड़ी कथित “साजिश” को विफल कर दिया है। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष यह मांग कर रहा है कि पहले से पारित कानून को ही लागू किया जाए। उन्होंने कहा कल लोकतंत्र की बड़ी जीत हुई। उन्होंने कहा विधानसभा चुनावों के बीच सत्र बुलाने से हम सब हैरान थे।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि तीन साल पहले जो कानून पास हुआ था, उसका नोटिफिकेशन अब जारी किया गया है, जबकि विपक्ष को इससे कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह उसी कानून को लागू करे, क्योंकि इस मुद्दे पर पूरा विपक्ष साथ खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में मजबूती से खड़ा है, लेकिन लोकतंत्र और देश की अखंडता को कमजोर करने वाली किसी भी कोशिश का समर्थन नहीं करेगा।
