नई दिल्ली:– भारत को आध्यात्म की भूमि यूं ही नहीं कहा जाता। यहां की संस्कृति और धरोहर ही कुछ ऐसी है, जिसे देखकर मन को अजीब सी शांति मिलती है। यहां की हर दूसरी गली में आपको एक मंदिर दिख जाएगा, जिसमें देखने को मिलेगी लंबी भीड़। खैर, भारतभूमि पर बने इन मंदिरों में कुछ ऐसे भी मंदिर हैं, जिनकी अलग ही महिमा है। सैकड़ों सालों से खड़े ये मंदिर अपनी अलग ही कहानी बताते हैं। यहां हर रोज लंबी भीड़ उमड़ती है, भगवान के लिए मन में आस्था और श्रद्धा लिए। अगर आप भी आध्यात्म की ओर रुझान रखते हैं और मन की शांति चाहते हैं, तो जीवन में एक बार तो आपको इन मंदिरों के दर्शन करने ही चाहिए।
काशी विश्वनाथ मंदिर, बनारस
बनारस की गलियों में, गंगा के घाटों के बीच बसा है काशी विश्वनाथ मंदिर। भारत का असली आध्यात्म देखना है तो काशी आइए और उसमें भी काशी विश्वनाथ के दर्शन जरूर करने जाइए। ये शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। मान्यता है कि इस मंदिर के दर्शन करने से मनुष्य जन्म-मरण के बंधन से मुक्त हो जाता है। यहां की भारी भीड़ में भी एक अद्भुत शांति है, जो आपको यहां आ कर ही पता लगेगी।
जगन्नाथ पुरी मंदिर, उड़ीसा
भारत का ऐसा अद्भुत मंदिर जहां की रथ यात्रा देखने लोग विदेशों से भी आते हैं। इस मंदिर की महिमा बहुत है और हर वैष्णव का सपना होता है कि जीवन में एक बार जगन्नाथ पुरी की यात्रा जरूर की जाए। यहां के वातावरण में ना जाने ऐसा क्या है कि जो यहां जाता है, वो हमेशा के लिए यहीं का हो कर रह जाता है। यहां की रथ यात्रा तो ऐसी अद्भुत होती है कि जीवन में अगर वो देख लिया, तो लगेगा मानों जीवन सफल हो गया।
सोमनाथ मंदिर, गुजरात
इतिहास की किताबों में आपने सोमनाथ मंदिर के बारे में जरूर सुना होगा। भारत के गौरव, इस मंदिर को कितनी ही बार लूटा गया, खंडित किया गया। लेकिन आज भी ये उसी तरह खड़ा है, जैसे भारतीय संस्कार और आध्यात्म। ये भी भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। जीवन में एक बार आपको यहां आ कर दर्शन जरूर करने चाहिए। यहां समुद्र की लहरें और मंदिर की खूबसूरती आपके जहन में बस जाएगी।
तिरुपति बालाजी मंदिर, आंध्र प्रदेश
तिरुमाला के सुंदर पहाड़ों पर स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर भी आपको एक अलग ही अहसास देगा। ये मंदिर भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित है। यहां रोज हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ती है और यहां एक अलग ही मानसिक शांति मिलती है। लोगों का कहना है कि यहां मांगी गई मन्नत कभी बेकार नहीं जाती। भारतीय आध्यात्म को पूरी तरह देखना, समझना और महसूस करना चाहते हैं, तो यहां आए बिना बात नहीं बनेगी।
केदारनाथ मंदिर, उत्तराखंड
धरती पर स्वर्ग का अनुभव करना है तो एक बार केदारनाथ मंदिर जरूर जाएं। ऊंचे पहाड़ों के बीच बसा ये मंदिर इतना अद्भुत लगता है कि आदमी सब कुछ भूलकर बस वहीं का हो जाता है। यहां ईश्वर और प्रकृति का जो अनुभव होता है, उसे शब्दों में बयां करना मुमकिन नहीं है। इसलिए जीवन में अगर एक बार कहीं आध्यात्मिक ट्रिप प्लान करने का मन हो, तो केदारनाथ में भोले-भंडारी के दर्शन करने जरूर जाएं।
