नई दिल्ली:- भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने दैहानपारा सहित आसपास के क्षेत्र में करीब 400 मीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करना है।भूमिपूजन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, बालको के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स एवं एडमिनिस्ट्रेशन कैप्टन धनंजय मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कंपनी के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बालको औद्योगिक विकास के साथ आसपास के क्षेत्रों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कंपनी सड़क, पुल, नाली और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाओं के विकास के साथ महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में भी लगातार प्रयास कर रही है। दैहानपारा में सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।कंपनी के अनुसार, पिछले चार वर्षों में 45 समुदायों में 100 से अधिक सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण एवं विकास किया गया है। इनमें सामुदायिक भवन, बच्चों के पार्क, सार्वजनिक शौचालय, सड़क, पुल और नाली जैसी सुविधाएं शामिल हैं।बालको प्रबंधन का कहना है कि आधारभूत सुविधाओं के विकास और सामुदायिक कल्याण से जुड़े प्रयासों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में लोगों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य जारी रहेगा।
