नई दिल्ली:– केंद्र सरकार ने सीमेंट पर जीएसटी को 28% से घटाकर 18% कर दिया है, जिससे निर्माण की लागत पर सीधा असर पड़ेगा। पहले सीमेंट की कीमत 350-360 रुपये प्रति बैग थी, लेकिन अब प्रति बैग लगभग 26-28 रुपये सस्ता मिलने की उम्मीद है। इस कदम से घर बनाने और मरम्मत कराने वालों के बजट में करीब 1% तक की बचत होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों को सबसे ज्यादा फायदा
विशेषज्ञों का मानना है कि जीएसटी कटौती से सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण परिवारों को मिलेगा। गांवों में हर साल बड़ी संख्या में नए मकान बनते हैं और लोग मरम्मत का काम भी करवाते हैं। ऐसे में सीमेंट की कीमत घटने से ग्रामीण इलाकों में घर बनाने की लागत काफी कम होगी और लोग आसानी से अपना घर बना पाएंगे।
कंपनियों और बिक्री पर असर
रेटिंग एजेंसी इक्रा के अनुसार, टैक्स घटने के बाद भी सीमेंट की मांग और उत्पादन दोनों में तेजी आएगी। अप्रैल से अगस्त 2025 के बीच सीमेंट की बिक्री में पहले ही 8.5% की बढ़ोतरी हुई थी। अब कीमतें घटने से यह मांग और बढ़ सकती है। साथ ही, कंपनियों को भी फायदा होगा क्योंकि सीमेंट की स्थिर इनपुट लागत और बढ़ती बिक्री से मुनाफा बढ़ने की संभावना है।
निर्माण लागत में बचत और भविष्य की संभावनाएं
प्रति बैग 26-28 रुपये की कमी का मतलब है कि 1,000 बैग सीमेंट खरीदने पर 26,000-28,000 रुपये की सीधी बचत होगी। यह छोटे और मध्यम घर निर्माण प्रोजेक्ट्स के लिए बड़ी राहत है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में इससे न केवल निर्माण उद्योग को बढ़ावा मिलेगा बल्कि ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की संख्या भी बढ़ सकती है।
