रायपुर:– मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय देर रात राजधानी रायपुर के देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला धाम पहुंचे। उन्होंने संत शिरोमणि बाबा हरदास राम साहिब जी की 34वीं बरसी महोत्सव में शामिल होकर संत परंपरा को नमन किया।
संत गेला राम साहिब जी की प्रतिमा पर मत्था टेका
मुख्यमंत्री ने श्री गोदड़ीवाला धाम में स्थापित संत गेला राम साहिब जी की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
संत समाज को संबोधित किया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस महोत्सव में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि देशभर से आए पूज्य संतों के दर्शन से प्रदेश धन्य हुआ है। मुख्यमंत्री ने सभी संतों का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर स्वागत और अभिनंदन किया।
बाबा हरदास राम साहिब जी का जीवन: सेवा और समर्पण का उदाहरण
सीएम साय ने कहा कि संत बाबा हरदास राम जी का संपूर्ण जीवन मानव सेवा, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने बताया कि धाम परिसर में समय-समय पर नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है, जो उनकी शिक्षाओं और आदर्शों का जीवंत उदाहरण है।
बरसी महोत्सव: भक्ति और सामाजिक सेवा का उत्सव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह बरसी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह भक्ति, एकता और सामाजिक सेवा का उत्सव भी है।
छत्तीसगढ़: भगवान श्रीराम का ननिहाल
संत समाज को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने 14 वर्षों के वनवास में से लगभग 10 वर्ष छत्तीसगढ़ की धरती पर व्यतीत किए। प्रदेशवासी आज भी उन्हें अपना भांजा मानते हैं।
श्री रामलला दर्शन योजना का उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के दर्शन कराने के लिए सरकार ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ चला रही है। पिछले वर्ष इस योजना के अंतर्गत 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन किए।
कार्यक्रम में रही बड़ी संख्या में मौजूदगी
बरसी महोत्सव में मुख्यमंत्री के साथ विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नन्द कुमार साहू, चेम्बर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष श्री अनिल थौरानी, श्री ललित जयसिंह, श्री श्रीचंद सुंदरानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाज के लोग मौजूद रहे।