नई दिल्ली: – देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस वर्ष उनकी 150वीं जयंती ऐतिहासिक और विशेष होने जा रही है। इस अवसर पर गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें “नारी शक्ति” की अहम भूमिका रहेगी।
नारी शक्ति के नाम परेड, हर दस्ते की कमान महिला अधिकारियों के हाथ में
इस वर्ष की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड पूरी तरह से महिलाओं को समर्पित होगी। देश के प्रमुख सुरक्षा बल — BSF, CRPF, CISF, ITBP और SSB — की परेड टुकड़ियों का नेतृत्व महिला अधिकारी करेंगी। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री को दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर की अगुवाई भी पहली बार एक महिला अधिकारी करेंगी, जो इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ देगी।
वीरता की मिसाल पेश करेंगे पदक विजेता जवान
परेड में CRPF के 5 शौर्य चक्र विजेता और BSF के 16 वीरता पदक विजेता हिस्सा लेंगे। ये वही वीर हैं जिन्होंने नक्सल और आतंकवाद विरोधी अभियानों में अदम्य साहस और पराक्रम दिखाया है। पश्चिमी सीमा पर चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” में BSF जवानों की वीरता की झलक भी इस समारोह में देखने को मिलेगी।
आकाश से धरती तक दिखेगा भारत का शौर्य और रंग
समारोह का आकर्षण होगा भारतीय वायुसेना की ‘सूर्य किरण’ टीम का शानदार एयर शो, जो आकाश में तिरंगे रंग बिखेरेगी। इसके अलावा BSF के भारतीय नस्ल के श्वान दस्ते, गुजरात पुलिस का घुड़सवार दल, असम पुलिस का मोटरसाइकिल शो और BSF का ऊंट बैंड भी परेड की शोभा बढ़ाएंगे।
झांकियों के माध्यम से विभिन्न राज्य — गुजरात, जम्मू-कश्मीर, अंडमान-निकोबार, मणिपुर, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और पुडुचेरी — “विविधता में एकता” का संदेश देंगे।
900 कलाकार पेश करेंगे भारत की सांस्कृतिक एकता की झलक
संस्कृति मंत्रालय के विशेष कार्यक्रम में करीब 900 कलाकार भारतीय शास्त्रीय नृत्य और लोकनृत्य के माध्यम से देश की संस्कृतिक विविधता और एकता का संदेश देंगे। यह आयोजन भारत की समृद्ध परंपरा और एकजुटता की भावना को उजागर करेगा।
एकता नगर में “भारत पर्व” का आगाज़
1 नवंबर से 15 नवंबर तक एकता नगर में ‘भारत पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर की कला, संस्कृति, लोकनृत्य, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजन प्रदर्शित किए जाएंगे। इस पर्व का समापन 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव कार्यक्रम के साथ होगा।
अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती देश के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने घोषणा की कि अब से हर साल 31 अक्टूबर को ‘राष्ट्रीय एकता परेड’ का आयोजन किया जाएगा, ठीक उसी तरह जैसे 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड निकाली जाती है। इस परेड में देश के अर्धसैनिक बल हिस्सा लेंगे।
