छत्तीसगढ़:– मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइपलाइन गैस की सुविधा की जानकारी ली।
रजत जयंती वर्ष में विकास की नई उपलब्धि: मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है। इस दौरान प्रदेश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं और सिटी गैस अवसंरचना परियोजना इस विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल एक नई सुविधा नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में राज्य के मजबूत संकल्प को दर्शाती है।
मेट्रो शहरों की तर्ज पर घरों तक पहुंचेगी पाइपलाइन गैस
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब मेट्रो शहरों की तरह डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पाइपलाइन से गैस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू उपभोक्ताओं को सिलेंडर रिफिलिंग की झंझट से राहत मिलेगी और सुरक्षा के स्तर में भी सुधार होगा। सस्ती और सुलभ ऊर्जा मिलने से उद्योग क्षेत्र को गति मिलेगी और प्रदेश में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
सीएनजी से घटेगा प्रदूषण, ईंधन खर्च में मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि रायपुर के साथ-साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में शीघ्र ही सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और आम नागरिकों के ईंधन खर्च में भी राहत मिलेगी।
ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता दे रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रस्तुत राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि प्रदेशवासियों को मेट्रो शहरों जैसी सुविधाओं का अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलें, इसी दिशा में सरकार ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता दे रही है।
तीन जिलों में शुरू हुई सिटी गैस परियोजना
उल्लेखनीय है कि सिटी गैस अवसंरचना परियोजना रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में प्रारंभ की गई है। इसके तहत घरेलू और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन के माध्यम से पीएनजी की आपूर्ति की जाएगी, जबकि वाहनों के लिए सीएनजी की सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक राहुल चोपड़ा, निदेशक राजीव माथुर, अध्यक्ष दीपक सावंत, राकेश रंजन, गेल इंडिया के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
