नई दिल्ली:– पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मैं बंगाल के लोगों से अपील करती हूं कि वे एकजुट हों और बंगाल को बचाने के लिए BJP के खिलाफ लड़ें। अगर केंद्रीय एजेंसियां आपको डराने की कोशिश कर रही हैं, तो डरें नहीं। अगर वह आपको पैसे देने की कोशिश कर रही हैं, तो पैसे न लें। वह पैसे और हथियार लाते हैं, सीमावर्ती इलाकों से माफिया लाते हैं और यहां अशांति और दंगे भड़काने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मैं बंटवारे वाली राजनीति नहीं कर रही हूं। हिंदू, मुसलमान, सिख और ईसाई, सभी एक समान हैं। घोषणा पत्र जारी करते हुए पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने कहा कि ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत, सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये मिलेंगे और SC/ST वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,700 रुपये मिलेंगे। जो युवा बेरोजगार हैं, उन्हें पॉकेट मनी के तौर पर हर महीने 1,500 रुपये मिलेंगे।
सोशल मीडिया पर भी किया पोस्ट
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी जानकारी साझा की उन्होंने लिखा कि मैं बंगाल के लिए अपनी 10वीं ‘प्रतिज्ञा’ विनम्रतापूर्वक प्रस्तुत करता हूँ, ताकि मेरी सरकार के चौथे कार्यकाल में विकास की गति निरंतर बनी रहे। लक्ष्मी भंडार योजना के तहत 500 रुपये की वृद्धि के साथ, सामान्य वर्ग की लाभार्थियों को 1,500 रुपये (वार्षिक 18,000 रुपये) और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति की लाभार्थियों को 1,700 रुपये (वार्षिक 20,400 रुपये) की मासिक वित्तीय सहायता मिलती रहेगी।
हर परिवार को मिलेगा पक्का घर- सीएम ममता
सीएम ममता बनर्जी ने अपने मेनिफेस्टो में कई बड़े वादे किए हैं। इन वादों में पक्का घर बनाने का भी वादा शामिल है ममता बनर्जी ने कहा है कि मैं वादा करता हूं कि बंगाल के हर परिवार के पास पक्का मकान होगा और हर घर में पाइप से पीने का पानी उपलब्ध होगा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में ‘द्वारे चिकित्सा’ शिविरों का आयोजन प्रत्येक ब्लॉक और शहर में किया जाएगा जिससे चिकित्सा सुविधाएं द्वार तक पहुंच सकें। शिक्षा क्षेत्र में ‘बांग्लार शिक्षायतन’ पहल के तहत सभी सरकारी विद्यालयों के ढांचागत उन्नयन पर जोर दिया जाएगा।
किसानों के लिए महा कृषि बजट का वादा
किसानों के लिए ममता बनर्जी ने 30 हजार करोड़ रुपए का ‘कृषि-बजट’ बनाने का संकल्प लिया है। इससे किसान परिवारों को निरंतर सहायता, भूमिहीन किसानों को संबल और कृषि क्षेत्र का समग्र उन्नयन सुनिश्चित होगा।
बंगाल बनेगा व्यापार का प्रवेश द्वार
आर्थिक विकास के लिए बंगाल को पूर्वी भारत का व्यापार प्रवेश-द्वार बनाने की दिशा में काम होगा। जिसमें विश्व-स्तरीय लॉजिस्टिक्स, बंदरगाह, व्यापारिक ढांचा और एक अत्याधुनिक ‘वैश्विक व्यापार केंद्र’ शामिल होंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धावस्था पेंशन का निर्बाध लाभ सुनिश्चित किया जाएगा और इसे चरणबद्ध तरीके से सभी पात्र लोगों तक विस्तारित किया जाएगा। प्रशासनिक सुधार के तहत सात नए जिलों की स्थापना और शहरी स्थानीय निकायों की संख्या बढ़ाने का भी वादा है।
पांच साल के लिए कारगर 10 प्रतिज्ञाएं
ममता बनर्जी ने कहा कि ये 10 प्रतिज्ञाएं उनके शासन की नींव बनेंगी और अगले पांच वर्षों के लिए स्पष्ट कार्ययोजना का काम करेंगी। तृणमूल कांग्रेस का यह घोषणा-पत्र कल्याणकारी योजनाओं, महिलाओं-युवाओं-किसानों पर फोकस और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर आधारित है, जो पार्टी की चुनावी रणनीति का मुख्य हिस्सा है।
