मध्यप्रदेश:– इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत पीथमपुर-धार के बीच पहली बार ट्रेन दौड़ेगी। 23 मार्च को प्री-ट्रायल होगा, इसमें ट्रैक का प्रारंभिक परीक्षण किया जाएगा। 25 मार्च को मुख्य स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रेन को 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर ट्रैक, पुलों और संरचनाओं की मजबूती परखी जाएगी। वहीं 26 मार्च को केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर को संपूर्ण परियोजना का अवलोकन करवाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इंदौर-धार के बीच नियमित ट्रेन संचालन दिसंबर 2026 तक शुरू होने की संभावना है।
18 साल का लंबा इंतजार: लागत में भारी बढ़ोतरी
बता दें कि इस परियोजना का भूमिपूजन आठ फरवरी 2008 को तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने किया था। इंदौर से दाहोद तक करीब 200 किमी लंबी इस रेल लाइन में 50 किमी का काम ही पूरा हुआ है। यानी 18 साल में मात्र 25 प्रतिशत काम हुआ और लागत 600 करोड़ रुपये से बढ़कर 1680 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
अधूरा टनल कार्य: केवल 38 किमी ट्रैक पर होगा परीक्षण
इंदौर से पीथमपुर के बीच टनल का काम अधूरा है, इसलिए पूरे 46 किमी ट्रैक की बजाय केवल पीथमपुर से धार के 38.26 किमी हिस्से पर ही परीक्षण होगा। इस ट्रायल के सफल होने के बाद क्षेत्र के लोगों को रेल सेवा से जुड़ने की नई उम्मीद जगेगी, हालांकि इंदौर से सीधा संपर्क टनल का कार्य पूर्ण होने के बाद ही संभव हो पाएगा।
