कोरबा :-विजयादशमी के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन शहर के विभिन्न प्रमुख दशहरा उत्सवों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण करते हुए नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंत्री श्री देवांगन एचटीपीपी दर्री लाल मैदान में आयोजित विशाल दशहरा उत्सव में शामिल हुए। दर्री मेन रोड स्थित दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव में सहभागिता की। बुधवारी बस्ती, मुड़ापार बाजार डॉ राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1, निहारिका में आयोजित दशहरा उत्सवों में शामिल हुए। आयोजन स्थलों पर नागरिकों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया दर्री मेन रोड दुर्गा पूजा समिति, बुधवारी दशहरा उत्सव समिति, मुड़ापार दशहरा उत्सव समिति और राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1 की समिति को क्रमशः एक-एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने घोषणा की।

अपने उद्बोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि विजयादशमी केवल भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का पर्व नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, न्याय और सदाचार की शक्ति का प्रतीक है। यह पर्व सिखाता है कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां आएं, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वालों की अंततः विजय होती है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और जनकल्याण का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श हमें परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। हमें अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, द्वेष और नकारात्मकता जैसी बुराइयों को त्यागकर अच्छाई एवं सदाचार अपनाने का संकल्प लेने का संदेश देती है।

त्योहार हमारी संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है समाज में भाईचारा एवं सद्भाव मजबूत होता है।

उन्होंने कोरबा वासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि की कामना की। नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर सशक्त, समृद्ध संस्कारवान समाज के निर्माण में सहभागी बनने आह्वान किया।

इस अवसर पर एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद प्रीति शर्मा, प्रफुल्ल तिवारी, मनोज लहरे,वैभव शर्मा, एल्डरमैन ईश्वर साहू, सरोज शांडिल्य,मुकुंद कंवर,किशोर साहू और पार्षद पंकज देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समितियों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
