नई दिल्ली:– किसानों द्वारा तैयार किए जा रहे रागी और सहजन के पौष्टिक लड्डू सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जा रहे हैं. देसी घी, गुड़ और सहजन पत्तों के पाउडर से बनने वाले ये लड्डू इम्युनिटी बढ़ाने और शरीर को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. अच्छी बात यह है कि इस हेल्दी लड्डू को आप आसान रेसिपी के साथ घर पर भी तैयार कर सकते हैं.
आयुर्वेद में कई ऐसी चीजों का जिक्र है जिसका सेवन शरीर को हृष्ट पुष्ट और अंदर से मजबूत बनाने के लिए बेहद कारगर होती है. इसी तरह रागी और सहजन भी उन्हीं चीजों में से एक है जो अपने पौष्टिक उपयोग के लिए जाने जाते हैं. यह शरीर के लिए बेहद उपयोगी माने जाते हैं. आजमगढ़ में कई किसानों के द्वारा सहजन और रागी के बने हुए लड्डू की मैन्युफैक्चरिंग की जाती है और इसे मार्केट में बेचा जाता है. सबसे खास बात यह है कि आप इस पौष्टिक लड्डू को घर पर भी तैयार कर सकते हैं. अगर आप भी इसे घर पर बनाना चाहते हैं तो आज हम आपको इसकी शानदार और आसान रेसिपी बताएंगे. आजमगढ़ के सठियांव ब्लॉक में रहने वाले किसान राजेश यादव मुख्य रूप से सहजन की खेती करते हैं. इसके साथ ही वह ग्रामीण क्षेत्र की औरतों के साथ मिलकर सहजन से बने हुए उत्पादों का व्यवसाय भी करते हैं उनके वहां के पाउडर से बनने वाले लड्डू बनाए जाते हैं. उन्होंने बताया कि यह लड्डू स्वास्थ्य संबंधी कई तरह की समस्याओं में बेहद लाभदायक होता है, इसे बनाने में देसी घी रागी, जैगरी, गुड़ और सहजन के पत्तों के पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है.
इसे बनाने की रेसिपी है बेहद आसान
इसे बनाने के लिए सबसे पहले देसी घी में रागी को अच्छी तरह से भूनना होता है, हल्का सुनहरे रंग का होने के बाद अब इसमें स्वाद के अनुसार गुड़ की मात्रा को मिलाना होता है. गुड़ मिलाने के बाद इसे पूरी तरह से मेल्ट करना जरूरी होता है जिससे इसे लड्डू के आकार में तैयार किया जा सके, यह मिश्रण तैयार होने के बाद इसमें सहजन के पत्तों से तैयार हुए पाउडर को डालकर अच्छी तरह से मिलाना होता है. आप चाहे तो इसमें स्वाद अनुसार ड्राई फ्रूट्स भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
इससे इस लड्डू की गुणवत्ता और बेहतर हो सकेगी, सभी मिश्रण को अच्छी तरह से तैयार होने के बाद अब इसे लड्डू के आकार में बनाकर कुछ देर ढक कर सूखने के लिए छोड़ दें और इस तरह से आपका स्वादिष्ट और पौष्टिक सहजन और रागी का लड्डू तैयार है. इस लड्डू का सेवन कई तरीके की स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने में फायदेमंद होता है, सबसे खास बातें है कि यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है. इसके साथ ही यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में भी बेहद फायदेमंद होता है. सहजन एक बेहद असरदार औषधि के रूप में जानी जाती है. ऐसे में सहजन के पत्तों के पाउडर से तैयार हुआ यह लड्डू स्वास्थ्य के लिए जबरदस्त फायदेमंद हो सकता है.
