नई दिल्ली:– लोकसभा में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पारित नहीं हो सका। इसके बाद बीजेपी की महिला सांसदों ने विपक्ष के खिलाफ कड़ा विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। पार्टी अब इस मुद्दे पर देशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन की तैयारी कर रही है। शुक्रवार को बीजेपी की महिला सांसदों ने संसद परिसर के मकर द्वार पर ‘कांग्रेस पार्टी हाय-हाय’ के नारे लगाए। इसके साथ ही बीजेपी ने शनिवार, 18 अप्रैल से पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है, जिसमें एनडीए के सहयोगी दल भी शामिल होंगे।
महिला आरक्षण से जुड़े 131वें संविधान संशोधन बिल को पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी। इस बिल पर कुल 528 वोट पड़े, जिसमें सरकार को पास कराने के लिए 352 वोट चाहिए थे, लेकिन इसके पक्ष में केवल 298 वोट ही मिल सके।
