नई दिल्ली:- उत्तर भारत में एक बार फिर से बारिश-तूफान मुश्किलें बढ़ाने वाली हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 11 राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है। पहाड़ी राज्यों में भी आफत की बारिश लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। इसके साथ ही पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
दिल्ली से यूपी बिहार और राजस्थान तक उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। लेकिन इस बीच आज यानी 27 अप्रैल से मौसम विभाग (IMD) ने 11 राज्यों में बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। यहां 70 किलोमीटर प्रतिघंट की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान भी है।
जानें, आपके राज्य में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली (27 से 28 अप्रैल): दिल्ली में आज यानी 27 अप्रैल को दिन में जानलेवा लू वाली हवा चलेगी। इस हवा की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। दिल्ली में 28 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम
यूपी (27 से 28 अप्रैल): मौसम विभाग ने प्रदेश में 27 अप्रैल तक लगातार गर्मी रहने की चेतावनी दी है और 28 अप्रैल से बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने एवं गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। यूपी के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, गाज़ीपुर, आज़मगढ़, मऊ और बलिया जैसे जिलों तथा पश्चिमी हिस्सों के लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, झांसी और आसपास के इलाकों में आज लू की स्थिति रहने की उम्मीद है। 28 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव की उम्मीद है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
बिहार (27 से 28 अप्रैल): मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, गया में बारिश की चेतावनी है। वहीं इस दौरान 55 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज आंधी चल सकती है।
मध्य प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम
मध्य प्रदेश (27 से 30 अप्रैल): मौसम विभाग ने 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक भोपाल, विदिशा, शिवपुरी, शाजापुर, राजगढ़, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है
उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तराखंड (27 से 28 अप्रैल): उत्तराखंड में तेज गर्मी का दौर जारी है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश तथा 4400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान भी जताया गया है।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान (27 से 20 अप्रैल): राजस्थान के कई हिस्सों में लू का प्रकोप जारी है। बाड़मेर में दिन में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 से 30 अप्रैल के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के पश्चिमी और उत्तरी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
हरियाणा में आज कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा (27 से 28 अप्रैल): भिवानी, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत, सोनीपत में बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस बारिश से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी।
हिमाचल में आज कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश (28 से 30 अप्रैल): कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, शिमला, किन्नौर में बारिश की चेतावनी है। इस दौरान तेज हवा मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। इस दौरान लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। वहीं, मनाली में कल अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
