बिलासपुर:- पुलिस ने सूने मकानों में हो रही लगातार चोरियों का खुलासा करते हुए एक एसी मैकेनिक को गिरफ्तार किया है. आरोपी दिन में घरों की रेकी कर रात में चोरी करता था. आरोपी के पास से पुलिस ने 45 लाख रुपए से ज्यादा का सोना-चांदी और घरेलू सामान बरामद किया है.
बिलासपुर पुलिस ने शहर के सूने मकानों में हो रही सिलसिलेवार चोरियों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. पुलिस की कार्रवाई के तहत पकड़ा गया यह आरोपी पेशे से एसी मैकेनिक है, जो दिन में घरों की रेकी करता था और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. ताज्जुब की बात यह है कि ऑनलाइन सट्टे में 30 लाख रुपये हारने के बाद आरोपी ने कर्ज चुकाने के लिए चोरी का रास्ता अपनाया. पुलिस ने इसके पास से भारी मात्रा में सोना-चांदी और घरेलू सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत 45 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है.
पकड़ा गया आरोपी सूरज काछी मूल रूप से गौरेला का रहने वाला है, जो बिलासपुर के मंगला इलाके में किराए पर रहकर एसी रिपेयरिंग का काम करता था. काम के दौरान ही वह कॉलोनियों के सूने मकानों की पहचान करता था. वारदात को अंजाम देने के लिए वह बेहद पेशेवर तरीका अपनाता था, वह सीसीटीवी से बचने के लिए मास्क और टोपी पहनता, अलग-अलग मोटरसाइकिल का उपयोग करता और पुलिस को भ्रमित करने के लिए घर के अंदर ही अपने कपड़े बदल लेता था. शहर में बढ़ती वारदातों को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और सायबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे धर दबोचा.
कटनी में ठिकाने लगाता था चोरी का माल
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पेरी मैच गेमिंग ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टे का आदी था और करीब 30 लाख रुपये हार चुका था. चोरी के जेवरातों को वह कटनी ले जाकर ठिकाने लगाता था और वहां से नए जेवर बनवाकर उन्हें मुथूट गोल्ड लोन जैसी कंपनियों में गिरवी रख देता था, ताकि चोरी का माल पकड़ा न जा सके. पुलिस ने आरोपी के पास से 252 ग्राम सोना, 1 किलो 95 ग्राम चांदी, दो मोटरसाइकिल और चोरी की रकम से खरीदे गए कूलर, फ्रिज, सोफा जैसे सामान जब्त किए हैं. इस पूरी कार्रवाई से शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला, कुदुदण्ड, नेहरू नगर समेत 8 बड़े चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है.
