नई दिल्ली:- अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शूटिंग फिलहाल रुकी हुई है। इस दौरान टीवी पर पुराने एपिसोड दोबारा दिखाए जा रहे हैं। सोनी लिव ने एक्स पर एक दर्शक के सवाल के जवाब में बताया कि शो के नए एपिसोड 16 नवंबर से प्रसारित होंगे।
शूटिंग क्यों रुकी? रिपोर्टों में अलग-अलग वजहें
समाचार एजेंसी आईएएनएस ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते करीब एक हफ्ते से नए एपिसोड की शूटिंग रुकी है। वहीं, ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से बातचीत में शो से जुड़े एक सूत्र ने शूटिंग के लिए अमिताभ की तारीखें उपलब्ध न होने को वजह बताया। शो के निर्माताओं की ओर से ब्रेक की वजह पर आधिकारिक जानकारी आना बाकी है।
‘रामायण’ की टीम पहुंची थी हॉट सीट पर
सोनी लिव पर 30 अक्टूबर को उपलब्ध हुए स्पेशल एपिसोड में ‘रामायण’ के रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे नजर आए थे। इस बीच अमिताभ बच्चन ने 7 नवंबर को अपने ब्लॉग में धीरे-धीरे काम और रोजमर्रा की दिनचर्या में लौटने का जिक्र किया। उन्होंने केबीसी के दर्शकों और अपने चाहने वालों का आभार भी जताया।
