छत्तीसगढ़:- एक बार फिर मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है. प्रदेश में भीषण गर्मी के दौर से अब हल्की राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. मौसम के बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, तापमान में गिरावट भी दर्ज होगी.
पूरे प्रदेश में अगले 3 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद तापमान में गिरावट शुरू होगी, जो 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है. प्रदेश के सभी संभागों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. कई जिलों में तेज हवा चलने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का भी अलर्ट है.
छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिसके चलते पिछले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में हल्की बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में हुए इस बदलाव से प्रदेश में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है.
पिछले 24 घंटों के दौरान मैनपुर और चंद्रपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है. प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया है, पेंड्रा में तापमान सबसे कम दर्ज किया गया है.
छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव ट्रफ लाइन एक्टिव रहने के चलते आ रहा है. यह दक्षिण ओडिशा से शुरू होकर गल्फ ऑफ मन्नार तक एक्टिव है, जो तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु से गुजर रही है.
प्रदेश की राजधानी में आज सुबह मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर या शाम तक बदलाव के बाद बादल छा सकते हैं. शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
गर्मी के मौसम में लंबे समय तक तेज धूप में न रहें इससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है. साथ ही ज्यादा तला भुना या भारी खाना न खाएं इससे शरीर में गर्मी बढ़ती है. खाली पेट धूप में बाहर न निकलें इससे चक्कर या कमजोरी हो सकती है.
