नई दिल्ली:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने असम और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ उत्साह साझा किया। इस मौके पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई दी।
कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन पार्टी के लिए ऐतिहासिक और बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और समर्पण आज सफलता के रूप में सामने आया है, जिसे पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर साफ देखा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए “कमल खिलाने” का काम किया है और नया राजनीतिक इतिहास रचा है।
जनता और राज्यों के प्रति आभार
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन राज्यों की जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भरोसा दिखाया है और लोकतंत्र को मजबूत करने में योगदान दिया है।
लोकतंत्र और विकास पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि यह समय देश के उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करता है। यह भरोसे का समय है—भारतीय लोकतंत्र पर विश्वास, प्रदर्शन आधारित राजनीति पर भरोसा, स्थिरता के संकल्प पर आस्था और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करने का अवसर है।
कार्यकर्ताओं के लिए संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे एक कार्यकर्ता के रूप में हर भाजपा कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हैं। उन्होंने सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ही पार्टी की सफलता की असली ताकत है।
भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह पहले विधानसभा चुनाव थे। इन चुनाव में पार्टी के हर कार्यकर्ता को उनका जो मार्गदर्शन मिला, वह मार्गदर्शन इस जीत में बहुमूल्य रहा है।
