मध्य प्रदेश:- भाजपा को पश्चिम बंगाल में मिली बंपर जीत को लेकर मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज भी कसा है.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की शुरुआती मतगणना में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती नजर आ रही है. शुरुआती रुझानों के अनुसार भाजपा बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच गई है, जिससे राज्य में पहली बार बीजेपी सरकार बनाती दिख रही है. चुनावी नतीजों के बीच भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है. भाजपा पश्चिम बंगाल में बंपर जीत की तरफ बढ़ती दिखाई दे रही है.जिसे लेकर मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने प्रतिक्रिया दी है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज भी कसा है.
उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘बंगाल में इस जीत के लिए मोदी जी, अमित शाह जी, नितिन नवीन जी और बंगाल के अनगिनत पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘इस बार जीत हमारी ही होनी तय थी; हालांकि, ममता बनर्जी की अपनी ही पार्टी के एक सांसद का गाया गीत अंततः ममता जी की हार का कारण बन गया.’
सयोनी घोष ने गाया था ये गाना
बता दें कि, जादवपुर से टीएमसी (TMC) सांसद सयोनी घोष चुनाव प्रचार के दौरान अचानक तब सुर्खियों में आ गईं, जब उन्होंने एक रैली में एक गाना गाया. गाने के बोल थे, ‘मेरे दिल में है काबा, आंखों में मदीना.’ इससे लेकर बीजेपी के नेताओं ने टीएमसी पर जमकर निशाना साधा था. बीजेपी ने इसे टीएमसी के इस्लाम से प्यार की इंतेहा बताया था.
जादवपुर से टीएमसी सांसद हैं सयोनी घोष
सयोनी घोष 24 फरवरी 2021 को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुईं. उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में आसनसोल दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया. हालांकि, उन्हें भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल के हाथों हार का सामना करना पड़ा. जून 2021 में उन्हें तृणमूल कांग्रेस की युवा शाखा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया. 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए तृणमूल कांग्रेस ने सायनी घोष को जाधवपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा. इस चुनाव में उन्हें जीत हासिल हुई.
