नई दिल्ली:– पेट्रोल पंप पर लोग आमतौर पर सिर्फ पेट्रोल-डीजल भरवाकर निकल जाते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को पता है कि देश के हर पेट्रोल पंप पर कई जरूरी सुविधाएं बिल्कुल मुफ्त देना अनिवार्य है। इन सुविधाओं के लिए कोई भी पेट्रोल पंप ग्राहक से पैसे नहीं मांग सकता। अगर कोई कर्मचारी पैसे मांगता है या सुविधा देने से मना करता है, तो उसके खिलाफ शिकायत भी की जा सकती है।
सबसे पहली सुविधा है पेट्रोल और डीजल की क्वालिटी जांच। अगर आपको ईंधन की गुणवत्ता पर शक हो या कम मात्रा में तेल दिए जाने का संदेह हो, तो आप फ्यूल क्वालिटी और क्वांटिटी टेस्ट की मांग कर सकते हैं। पेट्रोल पंप संचालक इससे इनकार नहीं कर सकता और इसके लिए कोई शुल्क भी नहीं लिया जाता।
दूसरी जरूरी सुविधा फर्स्ट एड किट की है। सड़क हादसे या अचानक चोट लगने की स्थिति में पेट्रोल पंप पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होना जरूरी है। जरूरत पड़ने पर कोई भी व्यक्ति वहां उपलब्ध फर्स्ट एड किट का इस्तेमाल कर सकता है।
तीसरी सुविधा इमरजेंसी फोन कॉल की है। यदि आपका मोबाइल बंद हो जाए, बैटरी खत्म हो जाए या किसी आपात स्थिति में कॉल करनी हो, तो पेट्रोल पंप से मुफ्त फोन कॉल करने की सुविधा ली जा सकती है।
चौथी और सबसे अहम सुविधा साफ और मुफ्त वॉशरूम की है। लंबे सफर में खासकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह बेहद जरूरी होती है। पेट्रोल पंप पर साफ-सुथरे टॉयलेट की व्यवस्था अनिवार्य है और इसके इस्तेमाल के लिए ग्राहक होना भी जरूरी नहीं है।
पांचवीं सुविधा साफ पीने के पानी की है। हर पेट्रोल पंप पर लोगों के लिए पीने के स्वच्छ पानी की व्यवस्था होना जरूरी है। यात्री वहां पानी पी सकते हैं और अपनी बोतल भी भर सकते हैं।
छठी सुविधा टायर में मुफ्त हवा भरने की है। आज भी कई लोग इसके लिए पैसे दे देते हैं, जबकि नियम के मुताबिक पेट्रोल पंप टायर में हवा भरने के लिए कोई शुल्क नहीं ले सकता, चाहे आपने वहां से पेट्रोल भरवाया हो या नहीं।
अगर कोई पेट्रोल पंप इन सुविधाओं को देने से मना करता है या पैसे मांगता है, तो ग्राहक pgportal.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित पेट्रोल कंपनी के टोल फ्री नंबर पर भी शिकायत की जा सकती है। हर पेट्रोल पंप पर शिकायत और सुझाव रजिस्टर रखना भी अनिवार्य होता है।
