नई दिल्ली:– भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चर्चा में हैं। IPL 2026 में भले ही उनका प्रदर्शन ज्यादा सुर्खियां नहीं बटोर पाया हो, लेकिन अब ‘कैप्टन कूल’ ने एक अलग उपलब्धि अपने नाम कर ली है। महेंद्र सिंह धोनी वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार-झारखंड क्षेत्र के सबसे बड़े व्यक्तिगत आयकर दाता बन गए हैं। इस बात का खुलासा बिहार-झारखंड के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डी. सुधाकर राव ने रांची में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया।
रांची के एक होटल में हुई प्रेस वार्ता में आयकर विभाग ने टैक्स कलेक्शन, छापेमारी और करदाताओं से जुड़े कई अहम आंकड़े साझा किए। इस दौरान डी. सुधाकर राव ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी लगातार समय पर टैक्स जमा करने वाले और सबसे अधिक टैक्स देने वाले नागरिकों में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। हालांकि विभाग ने इस बार यह नहीं बताया कि धोनी ने कुल कितनी टैक्स राशि जमा की है, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें जिम्मेदार और अनुशासित करदाता का बेहतरीन उदाहरण बताया।
धोनी का नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी उनकी चर्चा तेज हो गई है। क्रिकेट से अंतरराष्ट्रीय संन्यास लेने के बाद भी उनकी कमाई, ब्रांड वैल्यू और लोकप्रियता लगातार मजबूत बनी हुई है। विज्ञापन, ब्रांड एंडोर्समेंट, बिजनेस निवेश और IPL से जुड़े रहने के कारण उनकी आय का दायरा काफी बड़ा माना जाता है। क्रिकेट मैदान पर कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करने वाले माही अब जिम्मेदार नागरिक के तौर पर भी लोगों के लिए मिसाल बनते दिख रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयकर विभाग ने बिहार और झारखंड के राजस्व आंकड़ों की जानकारी भी दी। विभाग के अनुसार पिछले वित्तीय वर्ष में झारखंड से करीब 12 हजार करोड़ रुपये का टैक्स राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि बिहार का योगदान लगभग 8 हजार करोड़ रुपये रहा। कुल 20 हजार करोड़ रुपये के लक्ष्य में झारखंड की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही। अधिकारियों का कहना है कि झारखंड का मजबूत औद्योगिक और व्यापारिक ढांचा टैक्स कलेक्शन बढ़ने की बड़ी वजह बना है।
आयकर विभाग ने टैक्स चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान का भी ब्यौरा साझा किया। विभाग के मुताबिक बीते साल 12 बड़े कारोबारी समूहों पर छापेमारी की गई और 90 से ज्यादा मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई। इसके अलावा अधिकारियों ने एक चिंताजनक आंकड़ा भी सामने रखा। विभाग ने बताया कि करीब 5 करोड़ पैन कार्ड धारकों में से केवल 40 लाख लोग ही नियमित रूप से आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं। विभाग ने लोगों से समय पर टैक्स रिटर्न भरने और जिम्मेदार करदाता बनने की अपील की।
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डी. सुधाकर राव ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी जैसे लोग समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि धोनी सिर्फ खेल जगत के बड़े सितारे नहीं हैं, बल्कि टैक्स भुगतान के मामले में भी अनुशासन और जिम्मेदारी की मिसाल पेश कर रहे हैं।
