मध्यप्रदेश:– एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव लोगों से ईंधन बचाने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बीजेपी नेता ही इस अपील की धज्जियां उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। राजधानी भोपाल में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का बड़ा वाहन काफिला चर्चा का विषय बन गया है। आज प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बंगले के बाहर करीब 100 से ज्यादा गाड़ियां खड़ी दिखाई दीं।
बताया जा रहा है कि यह काफिला बीजेपी कार्यालय के लिए रवाना होने वाला था। हालांकि शिवराज सिंह चौहान असम में आयोजित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गए हुए हैं, लेकिन वे विदिशा से सांसद हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में समर्थक विदिशा और आसपास के क्षेत्रों से उनके भोपाल स्थित निवास पर पहुंचे।
राकेश सिंह जादौन के समर्थक जुटे
जानकारी के अनुसार, विदिशा के पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश सिंह जादौन को खादी ग्रामोद्योग बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। काफिले में शामिल वाहन गंज बासौदा, विदिशा सहित कई जिलों से पहुंचे थे।
बड़ी संख्या में वाहनों से ट्रैफिक जाम
बड़ी संख्या में चार पहिया वाहनों के एकत्र होने से इलाके में ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई। साथ ही पेट्रोल-डीजल की खपत को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आम जनता से ईंधन बचाने की अपील की जा रही है, लेकिन नेताओं और समर्थकों का इतने बड़े काफिले के साथ निकलना सवाल खड़े करता है।
ये समर्थन दिखाने का तरीका
वहीं भाजपा समर्थकों का कहना है कि यह संगठनात्मक उत्साह और राजनीतिक कार्यक्रम का हिस्सा है तथा कार्यकर्ताओं का अपने नेताओं के प्रति समर्थन दर्शाने का तरीका है।
