मध्य प्रदेश :– छतरपुर जिले से चौंकाने वाले एक मामले में एक पुलिस चौकी की हवालात में मुर्गे को ही बंद कर दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि मामले में एसडीओपी नवीन दुबे का कहना है कि मुर्गा गलती से हवालात में घुस गया था, तभी किसी ने वीडियो बना लिया।
हवालात में कैद मुर्गे का वीडियो वायरल
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में नजर आ रहा है कि लवकुशनगर थाना क्षेत्र की अक्टोहां चौकी परिसर की हवालात में एक मुर्गा बंद है और वह निकलने के लिए इधर-उधर घूम रहा था। यह देख किसी ने उसका कुछ सेकंड का वीडियो बना लिया। सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दी हैं।
चिकन पार्टी के आरोप और पुलिस का स्पष्टीकरण
यह भी आरोप लगाया है कि मुर्गे को पुलिस ने चिकन पार्टी के लिए हवालात में बंद कर दिया। वहीं मामले में चौकी प्रभारी सोहन सिंह सैयाम और लवकुशनगर थाना प्रभारी अजय अम्बे ने कोई जवाब नहीं दिया। लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि चौकी की साफ सफाई की जा रही थी। इसी दौरान पास में पले मुर्गों में से एक अंदर घुस गया और सफाई करने वाले व्यक्ति ने गेट लगाकर वीडियो बना लिया। पार्टी करने जैसी कोई बात नहीं है।
