नई दिल्ली:– कोचिंग संस्थानों द्वारा भ्रामक विज्ञापन दिखाकर छात्रों और अभिभावकों को गुमराह करने के मामलों में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने बड़ी कार्रवाई की है। CCPA ने मोशन एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड पर 10 लाख रुपये और सीकर स्थित करियर लाइन कोचिंग (CLC) पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के तहत की गई है।
उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अनुसार, जांच में पाया गया कि दोनों कोचिंग संस्थानों ने IIT-JEE और NEET में सफल छात्रों के नाम, फोटो और उपलब्धियों का इस्तेमाल कर बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन छात्रों द्वारा लिए गए वास्तविक कोर्स और जरूरी जानकारी छिपाई गई। इसे भ्रामक विज्ञापन और अनुचित व्यापार व्यवहार माना गया।
CCPA ने दोनों संस्थानों को तत्काल प्रभाव से ऐसे विज्ञापन बंद करने और भविष्य में पूरी एवं सही जानकारी के साथ ही प्रचार करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि दोनों संस्थानों ने इस आदेश को राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (NCDRC) में चुनौती दी है।
मंत्रालय ने बताया कि छात्रों के हितों की सुरक्षा और कोचिंग सेक्टर में पारदर्शिता लाने के लिए अब तक 60 से अधिक नोटिस जारी किए जा चुके हैं। विस्तृत जांच के बाद UPSC, IIT-JEE, NEET, RBI समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले 31 कोचिंग संस्थानों पर कुल 1.39 करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाया गया है।
CCPA का कहना है कि शिक्षा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में गलत दावे और अधूरी जानकारी छात्रों के ‘सूचित निर्णय लेने के अधिकार’ का उल्लंघन करती है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
