नई दिल्ली :–: हिंदू धर्म में शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी और सुख-समृद्धि की देवी संतोषी माता को समर्पित माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और नियम से किए गए कुछ खास उपाय जीवन की आर्थिक परेशानियों, पारिवारिक कलह और नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर सकते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शुक्रवार को किए गए अचूक उपाय धन लाभ, वैवाहिक सुख, नौकरी और व्यापार में तरक्की दिलाने में बेहद प्रभावी माने जाते हैं।
ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक शुक्रवार की सुबह स्नान के बाद मां लक्ष्मी की पूजा कर उन्हें कमल का फूल, खीर और सफेद मिठाई अर्पित करना शुभ माना जाता है। पूजा के दौरान “ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः” मंत्र का जाप करने से घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। कहा जाता है कि शाम के समय घर के मुख्य द्वार पर घी का दीपक जलाने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और आर्थिक संकट दूर होने लगते हैं।
यदि घर में लगातार पैसों की तंगी बनी रहती है तो शुक्रवार के दिन किसी जरूरतमंद महिला को सफेद वस्त्र, चावल, शक्कर या दूध का दान करना बेहद शुभ माना जाता है। वहीं कुंवारी कन्याओं को खीर या मिठाई खिलाने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। कई लोग इस दिन शुक्र ग्रह को मजबूत करने के लिए सफेद रंग के कपड़े पहनते हैं और सुगंधित इत्र का उपयोग करते हैं।
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार शुक्रवार की रात मां लक्ष्मी के सामने शंख बजाना और कनकधारा स्तोत्र या श्रीसूक्त का पाठ करना भी अत्यंत फलदायी माना गया है। व्यापार में नुकसान या नौकरी में बाधाओं का सामना कर रहे लोगों को इस दिन माता लक्ष्मी के मंदिर जाकर लाल गुलाब चढ़ाने की सलाह दी जाती है।
धार्मिक मान्यता है कि शुक्रवार को घर में साफ-सफाई और पवित्रता बनाए रखने से मां लक्ष्मी का आगमन होता है। विशेष रूप से रसोई और पूजा स्थल को स्वच्छ रखना शुभ माना गया है। कहा जाता है कि सच्ची श्रद्धा, सकारात्मक सोच और नियमित पूजा के साथ किए गए ये उपाय जीवन में सुख, शांति और समृद्धि ला सकते हैं।
