मध्य प्रदेश :– हाई कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले से मिले 365 दिन निर्बाध पूजा-अर्चना के अधिकार के बाद पहले शुक्रवार को धार नगर स्थित भोजशाला में मां वाग्देवी की महाआरती और विशेष पूजन की तैयारी है। पूरे धार अंचल में उत्सव जैसा माहौल है।
शहर सजधज कर तैयार है और लोग एक-दूसरे को महाआरती में शामिल होने के निमंत्रण दे रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, हिंदू पक्ष सुबह नौ बजे भोजशाला में महाआरती करेगा, जबकि दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में श्रद्धालु ज्योति मंदिर से भोजशाला दर्शन के लिए रवाना होंगे। बता दें कि 721 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद यह पहला अवसर होगा, जब शुक्रवार को भोजशाला परिसर मां वाग्देवी के जयकारों से गूंजेगा। अब तक प्रत्येक शुक्रवार को यहां मुस्लिम पक्ष को नमाज की अनुमति थी।
इधर, हाई कोर्ट के निर्णय को चुनौती देते हुए मस्जिद पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मौलाना कमालुद्दीन वेलफेयर सोसायटी के सदर अब्दुल समद ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में शुक्रवार दोपहर से पहले सुनवाई होने की संभावना है। वहीं, धार में जिला व पुलिस प्रशासन ने शहर में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था कर ली है। आसपास के शहरों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है। धार के एसपी सचिन शर्मा का कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश का पालन करवाया जाएगा। शहर में 1500 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं।
कमाल मौलाना का उर्स आज, लंगर की भी रहेगी व्यवस्था
भोजशाला परिसर से सटे कमाल मौलाना दरगाह क्षेत्र में शुक्रवार को उर्स का आयोजन होगा। मौलाना कमालुद्दीन वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों के अनुसार, उर्स को लेकर प्रशासन को पूर्व में सूचना दे दी गई है। सोसायटी की ओर से दरगाह परिसर में जियारत के साथ लंगर की व्यवस्था भी की जाएगी।
मस्जिदों और घरों पर ही नमाज अदा करेंगे : अब्दुल समद
कमाल मौलाना वेलफेयर सोसायटी के सदर अब्दुल समद ने कहा कि कोर्ट के फैसले का पालन करेंगे। हम शुक्रवार को कोई भी ऐसा काम नहीं करेंगे जिससे कि परेशानी हो। शुक्रवार को अपने-अपने मोहल्लों में स्थित मस्जिदों और घरों पर ही नमाज अदा करेंगे। विरोध स्वरूप मस्जिद पक्ष अपनी दुकानें बंद रखेगा और समाजजन काली पट्टी भी बांधेंगे।
