छत्तीसगढ़:– मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि अंदरूनी उड़ीसा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से उड़ीसा तक द्रोणिका बनी हुई है और उत्तर पाकिस्तान के पास पश्चिमी विक्षोभ का असर भी देखा जा रहा है। इन सिस्टम्स के कारण अगले तीन दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि मौसम विभाग ने राहत की भी संभावना जताई है। बस्तर संभाग में 26 मई से बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में 29 मई के बाद मौसम बदलने के संकेत हैं। तब तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।
रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से सावधान रहने की सलाह दी है।
