नई दिल्ली:– पश्चिम एशिया में युद्ध संकट को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी मंत्रियों व अधिकारियों से खर्चों में कटौती की अपील की है। इस पर अमल करते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस लगातार नए उदाहरण पेश कर रहे हैं।
हाल ही में वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर विधान भवन पहुंचे थे। वहीं शनिवार को मुंबई से शिरडी जाने के लिए उन्होंने वंदे भारत में सफर किया। इस दौरान सीएमओ के प्रमुख अधिकारी उनके साथ थे। यात्रा के दौरान जहां सीएम ने जरूरी फाइलों को निपटाया वहीं इस दौरान चाय का मजा लेते हुए वे अखबार भी पढ़ते हुए नजर आए।
मुख्यमंत्री ने किया ट्रेन से सफर
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यात्रा के बाद पीएम मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी लोगों ने स्वदेशी सेमी हाई स्पीड ट्रेन में सफर का भरपूर आनंद उठाया। फडणवीस मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से मुंबई-शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार हुए। लगभग पांच घंटे की यात्रा कर वे शिरडी पहुंचे। सीएमओ ने कहा कि यह यात्रा केवल प्रतीकात्मक नहीं थी, बल्कि सार्वजनिक मितव्ययिता और ईंधन बचत के संदेश को जनसामान्य तक पहुंचाने की कोशिश का हिस्सा है।
विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से केवल छोटे-छोटे त्याग करने की अपील की है। इसी अभियान के तहत उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार भी हाल के दिनों में मंत्रालय और विधानसभा पहुंचने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करते दिखाई दिए है।
मितव्ययिता अभियान का किया बचाव
मुख्यमंत्री ने सरकार के मितव्ययिता अभियान का बचाव करते हुए कहा कि महाराष्ट्र ने पहले ही – खर्च कम करने के उपाय लागू करना शुरू कर दिया है। इनमें मंत्रियों के काफिले कम करना, मंत्रियों और अधिकारियों की अनावश्यक विदेश यात्राओं पर रोक लगाना और अगले छह महीनों तक बड़े सरकारी कार्यक्रमों से बचना शामिल है। राज्य सरकार केवल संदेश देने तक सीमित नहीं है।
