छत्तीसगढ़:– संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया। रायपुर और बिलासपुर संभाग में कुल 13,319 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। रायपुर जिले में बनाए गए 22 परीक्षा केंद्रों पर 8,449 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि बिलासपुर में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए कराया गया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
मोबाइल, डिजिटल वॉच और आईटी गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित
UPSC परीक्षा में नकल और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए मोबाइल फोन, डिजिटल वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य आईटी गैजेट्स पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल में सेव ई-एडमिट कार्ड दिखाकर प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को प्रिंटेड ई-एडमिट कार्ड और वही फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य किया गया है, जिसकी जानकारी आवेदन फॉर्म में दर्ज की गई थी।
हर परीक्षा केंद्र में पुलिस बल और जैमर की व्यवस्था
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र में पांच पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा सभी केंद्रों में जैमर लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी या संचार माध्यम का उपयोग न हो सके। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों, केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों की बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो निरीक्षकों की मौजूदगी अनिवार्य की गई है।
ब्लैक बॉल पेन अनिवार्य, जेल पेन पर रोक
UPSC द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को केवल काले रंग के बॉल प्वाइंट पेन का ही उपयोग करना होगा। जेल पेन या किसी अन्य रंग के पेन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाई गई है। प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वॉशरूम नियम भी हुए सख्त
नकल रोकने के लिए परीक्षा के दौरान वॉशरूम उपयोग को लेकर भी सख्त नियम बनाए गए हैं। एक समय में दो अभ्यर्थियों को वॉशरूम जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं परीक्षा समाप्त होने के अंतिम 30 मिनट में वॉशरूम जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति दी गई है। बैग, पर्स और अन्य निजी सामान परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने पर रोक लगाई गई है।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से की नियमों का पालन करने की अपील
जिला प्रशासन और UPSC अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से परीक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
