रायपुर :– राजधानी रायपुर में आम प्रेमियों के लिए एक खास आयोजन की शुरुआत होने जा रही है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय “राष्ट्रीय आम महोत्सव 2026” आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में देश और विदेश की 250 से अधिक आम की किस्में प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें जापान का चर्चित मियाजाकी आम भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। महोत्सव का उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे।
देशी-विदेशी आमों की दिखेगी अनोखी झलक
महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, अलफांसो, केसर, तोतापरी, नीलम, सिंधु और आम्रपाली जैसी लोकप्रिय किस्मों के साथ विदेशी प्रजातियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन स्थल पर उन्नत गुणवत्ता वाले आम के पौधे और विभिन्न किस्मों के फल बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा आयोजन
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में आम आधारित कई रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें मैंगो क्विज, आम से बने व्यंजन, फैंसी ड्रेस, आम सजावट और बोनसाई प्रतियोगिता शामिल हैं। विद्यार्थी, महिलाएं और आम नागरिक इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। आयोजन में प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्या और आम से बने उत्पादों की प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राय द्वारा मैंगो रेसिपी डेमो भी आयोजित किया जाएगा, जहां लोगों को आम से बनने वाले विशेष व्यंजनों की जानकारी मिलेगी।
किसानों और उद्यमियों को मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन
राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम उत्पादक किसानों और उद्यमियों के लिए विशेष तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। विशेषज्ञों द्वारा आम उत्पादन, प्रसंस्करण, गुणवत्ता सुधार और विपणन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। किसानों को सरकारी योजनाओं और नई कृषि तकनीकों से भी अवगत कराया जाएगा।
11 गुठलियां लाने पर मिलेगा आम का पौधा
महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए खास पहल भी की गई है। आयोजन स्थल पर 11 आम की गुठलियां लेकर आने वाले लोगों को उन्नत किस्म का आम का पौधा नि:शुल्क दिया जाएगा।
रोजगार और कृषि को बढ़ावा देने का प्रयास
आयोजकों के अनुसार इस महोत्सव का उद्देश्य आम उत्पादन, प्रसंस्करण और इससे जुड़े रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है। अंतिम दिन उत्कृष्ट प्रतिभागियों और विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
