छत्तीसगढ़:- भाजपा के एक विधायक मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत शादी करेंगे. उनकी इस पहल की तारीफ सीएम विष्णुदेव साय ने भी की है.
छत्तीसगढ़ की बेमेतरा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक दीपेश साहू ने एक बड़ा फैसला लिया है. वह अपनी शादी मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत होने वाले आयोजन में से करने वाले हैं. युवा विधायक का सामूहिक विवाह समारोह के जरिए शादी करने का फैसला प्रदेश और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. जिसकी तारीफ सीएम विष्णुदेव साय ने भी की है.
31 मई को होगी शादी
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू की शादी 31 मई होने वाली है. जहां वह मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक समारोह में विवाह के बंधन में बंधेंगे. बेमेतरा शहर के बेसिक स्कूल मैदान में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होगा. जिसमें दीपेश साहू के साथ-साथ 24 और जोड़े वैदिक मंत्रों के साथ विवाह के बंधन में बंधेंगे. इस आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं.
सीएम विष्णुदेव साय ने की तारीफ
बीजेपी विधायक दीपेश साहू की इस पहल की तारीफ सीएम विष्णुदेव साय ने भी की है. मुख्यमंत्री ने लिखा ‘जब कोई जनप्रतिनिधि अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक के लिए सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन को चुनता है, तो वह केवल विवाह नहीं करता, बल्कि समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है. बेमेतरा विधायक दीपेश साहू की तरफ से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में विवाह करने का निर्णय सादगी, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी पहल के प्रति विश्वास का प्रेरक उदाहरण है. उनका यह निर्णय समाज को यह संदेश देता है कि विवाह जैसे पावन संस्कार को अनावश्यक आडंबर के बजाय संस्कार, सामाजिक सहभागिता और मानवीय मूल्यों से जोड़ा जाना चाहिए. मुझे विश्वास है कि उनका यह कदम अनेक युवाओं और परिवारों को सकारात्मक सोच और सरल, संस्कारित जीवन मूल्यों की दिशा में प्रेरित करेगा.’
2023 में विधायक बने थे दीपेश साहू
दीपेश साहू छत्तीसगढ़ के युवा विधायकों में शामिल है. 2023 में वह बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के आशीष कुमार छाबड़ा को हराकर विधायक बने थे. दीपेश साहू छत्तीसगढ़ में भाजपा का युवा चेहरा माने जाते हैं. 31 मई को होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन में उन्हें बधाई देने के लिए सीएम विष्णुदेव साय भी बेमेतरा आएंगे.
