छत्तीसगढ़ :– नौतपा के दौरान मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने और बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। अंबिकापुर और सूरजपुर समेत उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। वहीं मौसम विभाग ने रायपुर सहित 27 जिलों के लिए तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के भीतर प्रदेश के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ, हालांकि कुछ इलाकों में लू जैसी स्थिति बनी रही। अब प्रदेशभर में मेघगर्जन, तेज हवाओं और वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है। जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में आज बदल सकता है मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली से बचाव की सलाह दी है।
