मध्यप्रदेश:– स्थानीय अदालत ने शुक्रवार को मॉडल और एक्ट्रेस रहीं त्विषा शर्मा की मौत के मामले में उनकी सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को पांच दिनों के लिए सीबीआई की कस्टडी में भेज दिया। केंद्रीय जांच एजेंसी ने दोनों को भोपाल की स्थानीय अदालत के सामने पेश किया और दोनों के लिए पांच दिन की रिमांड मांगी।
समर्थ सिंह, जो पहले से ही सीबीआई रिमांड पर थे, उनकी कस्टडी अब पांच दिनों के लिए और बढ़ा दी गई है। वहीं, न्यायाधीश शोभना भलावे की अदालत ने सीबीआई की उन याचिकाओं को मंजूर कर लिया, जिनमें रिटायर्ड न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और पेशे से वकील समर्थ सिंह की कस्टडी मांगी गई थी।
2 जून तक सीबीआई की कस्टडी में भेजा गया
ट्विशा के परिवार का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील अनुराग श्रीवास्तव ने पत्रकारों को बताया कि दोनों को 2 जून को दोपहर 2 बजे तक सीबीआई की कस्टडी में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसी ने अदालत को बताया कि उसे दोनों आरोपियों से विस्तार से पूछताछ करने की जरूरत है और उनकी कस्टडी जरूरी है। श्रीवास्तव ने कहा, अब हमें लगता है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। असली तथ्य सामने आएंगे।
सत्र अदालत ने दी थी अग्रिम जमानत, हाई कोर्ट ने रद की थी
सत्र अदालत ने 15 मई को पूर्व जिला न्यायाधीश को अग्रिम जमानत दे दी थी। हालांकि, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने बुधवार को इस फैसले को पलट दिया और उनकी जमानत रद करने की मांग वाली याचिकाओं को मंजूर कर लिया।
17 पन्नों के एक आदेश में न्यायाधीश देवनारायण मिश्रा ने टिप्पणी की कि मामले के तथ्यात्मक पहलुओं और प्रतिवादी (गिरिबाला सिंह) के खिलाफ लगाए गए आरोपों को देखते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश द्वारा दी गई अग्रिम जमानत रद किए जाने योग्य थी।
भोपाल के जेपी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया
सीबीआई ने गुरुवार को गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। अदालत में पेश किए जाने से पहले सीबीआई ने समर्थ सिंह का भोपाल के जेपी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया। गिरिबाला सिंह का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सीबीआई अधिकारी गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को दो अलग-अलग वाहनों में अदालत ले गए।
सुनवाई के दौरान मां-बेटे को एक ही कठघरे में रखा गया
शुक्रवार को न्यायाधीश शोभना भलावे की अदालत में सुनवाई के दौरान मां-बेटे की जोड़ी को एक ही कठघरे में रखा गया था। अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई 33 वर्षीय पूर्व मॉडल व अभिनेत्री की मौत से जुड़े हालात की जांच करने और उनके बयानों से तथ्य निकालने के लिए मां और बेटे को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की योजना बना रही है।
सीबीआई ने सोमवार को जांच अपने हाथ में ली थी
कथित तौर पर 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में त्विषा शर्मा अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। सीबीआई ने सोमवार को उनकी मौत की जांच अपने हाथ में ले ली थी और उसके बाद एक नई एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को आरोपीवो बनाया गया है।
त्विषा के परिवार ने घरेलू हिंसा का लगाया है आरोप
त्विषा के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि त्विषा के पति और सास उसे लगातार परेशान करते थे और उसके साथ घरेलू हिंसा करते थे। वे 9 दिसंबर, 2025 को शादी के समय दिए गए दहेज से असंतुष्ट थे। त्विषा के परिवार के अनुसार इसी गंभीर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी को यह कदम उठाना पड़ा।
गिरिबाला सिंह आरोपों से इनकार किया था
गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किए जाने से पहले उन्होंने विभिन्न मीडिया इंटरव्यू में अपना बचाव किया था। उन्होंने आरोपों से इनकार किया था और त्विषा के मानसिक स्वास्थ्य तथा मेडिकल इतिहास के संबंध में पलटवार करते हुए कुछ दावे किए थे।
