छत्तीसगढ़:- राजनांदगांव में 45 डिग्री तक पहुंची भीषण गर्मी और हीट वेव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. लू और डिहाइड्रेशन के मरीज बढ़ने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है. अस्पतालों में विशेष लू वार्ड बनाए गए हैं और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
राजनांदगांव में भीषण गर्मी और लगातार चल रही हीट वेव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जिले में तापमान लगातार 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है और आसमान से मानो आग बरस रही है. तेज गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. बढ़ती गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है और लू तथा डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ रही है.
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर हैं. प्रशासन द्वारा लोगों को लू और गर्मी से बचाव के लिए गाइडलाइन जारी की गई है. डॉक्टरों की टीम लगातार लोगों को सावधानी बरतने और दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह दे रही है.
अस्पताल में लू वार्ड
जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष लू वार्ड बनाए गए हैं, जहां गर्मी से प्रभावित मरीजों का उपचार किया जा रहा है. मरीजों के लिए अस्पतालों में ठंडे पानी, कूलर और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है.
लोगों के लिए व्यवस्था
जिला कलेक्टर जितेंद्र यादव ने बताया कि प्रशासन द्वारा अस्पतालों में गर्मी से राहत के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने कहा कि सिर्फ लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि पशुओं के लिए भी पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पानी और छाया की व्यवस्था की जा रही है, ताकि भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके.
लोगों से की अपील
वहीं जिला मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी नेताराम नवरतन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें. धूप में निकलते समय सिर को ढंककर रखें और अधिक से अधिक पानी पीते रहें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह भी दी है.
