नई दिल्ली:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। बतौर निर्वाचित प्रधानमंत्री उन्होंने 12 साल पूरे करते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के सबसे लंबे कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। पीएम मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और 9 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के 4398 दिन पूरे हो चुके हैं। इसके साथ ही वह भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।
पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 13 मई 1952 से लगातार 4397 दिन तक प्रधानमंत्री पद संभाला था। हालांकि नेहरू 15 अगस्त 1947 से प्रधानमंत्री थे, लेकिन 1952 के पहले आम चुनाव तक उन्हें अंतरिम सरकार का प्रमुख माना जाता है। वहीं नरेंद्र मोदी लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने वाले नेहरू के बाद दूसरे नेता हैं। उन्होंने 2014, 2019 और 2024 लोकसभा चुनावों में अपने नेतृत्व में जीत दर्ज कर तीसरी बार सरकार बनाई।
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले जुलाई 2025 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लगातार 4077 दिनों तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड भी तोड़ चुके हैं। वहीं मार्च 2026 में उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के संयुक्त कार्यकाल को मिलाकर 8931 दिनों तक सत्ता में रहने का रिकॉर्ड बनाया था, जो भारत में किसी भी नेता का सबसे लंबा शासनकाल माना गया।
पीएम मोदी देश के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं। वह ऐसे पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं जिन्होंने लगातार दो बार पूर्ण बहुमत की सरकार चलाई और अब तीसरी बार एनडीए सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। इसके साथ ही वह आजाद भारत में जन्मे पहले प्रधानमंत्री भी हैं, उनका जन्म 17 सितंबर 1950 को हुआ था।
